मौसम का हाल
KR Verma kullu

हिमाचल प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में चार दिनों तक बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। केंद्र के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में एक से चार दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, मैदानी भागों में एक से तीन दिसंबर तक बारिश की संभावना है। इन भागों में चार को मौसम साफ रहने का पुर्वानुमान है। विभाग ने तीन दिसंबर के लिए उच्च पर्वतीय भागों में भारी बारिश व अन्य भागों में तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। बर्फबारी से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, चंबा के उच्च पर्वतीय भागों में आवश्यक सेवाओं जैसे बिजली, संचार और सड़कें बाधित हो सकती हैं। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने को कहा है।
न्यूनतम तापमान
मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर भागों में मौसम साफ बना रहा। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिले के पानी के स्रोत जमने लगे हैं। कल्पा का न्यूनतम तापमान 0.5, शिमला 7.6, सुंदरनगर 2.3, भुंतर 1.6, धर्मशाला 8.4, ऊना 6.8, नाहन 12.1, पालमपुर 5.5, सोलन 3.0, मनाली 1.2, कांगड़ा 6.7, मंडी 5.1, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 5.0, चंबा 5.3, डलहौजी 8.2, कुफरी 4.5 और पांवटा साहिब का 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
उधर, सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.6, बिलासपुर में 24.0, कांगड़ा में 23.2, सोलन में 23.0, हमीरपुर में 22.4, नाहन में 22.0, चंबा में 21.1, मंडी में 20.2, धर्मशाला में 18.2, शिमला में 17.1, कल्पा में 14.0, केलांग में 10.5 और डलहौजी में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।