*कृषक उत्पादक संगठन बनाकर करेंगें ग्रामीणों की मदद , चौसकु हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने दी जिम्मेदारी*


पालमपुर। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.के.चौधरी ने कहा कि अब कृषक उत्पादक संगठन बनाकर ग्रामीणों की मदद की जाएगी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने सीधे तौर पर यह जिम्मेदारी विश्वविद्यालय को दी है। संस्थान के कृषि विज्ञान केन्द्र, सुन्दरनगर के अंतगर्त मंगलवार को बल्ह विकासखण्ड के स्योहली गांव में पहले कृषक उत्पादक संगठन का उद्घाटन भी कर दिया गया है।
कुलपति चौधरी ने बताया कि भारत सरकार ने 1000 कृषक उत्पादक संगठन बनाने का लक्ष्य रखा है। लिहाजा कृषि विज्ञान केन्द्र सुन्दरनगर नेे बल्ह व सुन्दरनगर विकासखंड में दो कृषक उत्पादक संगठन बना दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसान इन संगठनों के सदस्य बने। इससे वह भारत सरकार की तरफ से दिए जाने वाली वित्तीय सहायता का लाभ उठा सकते है।
इन संगठनों से जुड़ने पर किसानों को न केवल उचित दाम पर खाद, बीज, कीटनाशक आदि उपलब्ध होंगे बल्कि किसान अपने उत्पादों को इनके माध्यम से बेच कर अपनी आर्थिकी को भी सुदृढ़ कर सकते हैं।
प्रो. चौधरी ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठन किसानों का एक मंदिर है जिसमें प्रत्येक किसान की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। बल्ह घाटी पूरे प्रदेश को पाल सकती है क्योंकि इसकी उत्पादकता पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है। यह घाटी पूरे प्रदेश में अग्रणी होने के कारण प्रदेश सरकार के नेतृत्व में उत्पादक संगठन का आगाज बल्ह घाटी से किया गया।
कुलपति चौधरी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले की अपनी विविधता व पहचान के चलते इसकी किसी से तुलना नहीं की जा सकती है। लिहाजा प्रत्येक किसान का भी दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए खुद आगे आंए। उन्होंने किसानों से अपने पुराने बीजों को सहेजने का अनुरोध किया जिससे उन बीजों का उचित पंजीकरण करवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सके। विश्वविद्यालय आने वाले समय में प्रदेश की कई पौराणिक किस्मों का पंजीकरण करवाएगा।
स्योहली में स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने बतौर मुख्यातिथि किसान मेले व कृषक उत्पादक संघ का उद्घाटन किया। प्रसार शिक्षा निदेशक डाक्टर वी के शर्मा और कृषि विज्ञान केंद्र सुंदर नगर के प्रभारी डाक्टर पंकज सूद ने किसानों को विश्वविद्यालय की उपयोगी जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्री पाल वर्मा, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष लेख राज राणा,कृषक उत्पादक संगठन के प्रधान मनोज कुमार, हिमाचल किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सीताराम वर्मा,मुख्य सलाहकार भगत राम व पंचायत प्रधान कन्हैया लाल भी थे।