सिविल अस्पताल पालमपुर को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, 35 लाख का इनाम
मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. तिलक भागड़ा ने डॉक्टरों और स्टाफ का किया धन्यवाद


सिविल अस्पताल पालमपुर को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, 35 लाख का इनाम

डॉ. तिलक भागड़ा ने डॉक्टरों और स्टाफ का किया धन्यवाद
पालमपुर, 8 जुलाई — सिविल अस्पताल पालमपुर ने प्रदेश भर में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए अस्पताल को 35 लाख रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी, जो अस्पताल की सुविधाओं में सुधार, ढांचागत विकास और मरीजों को बेहतर सेवाएं देने में सहायक सिद्ध होगी।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. तिलक भागड़ा ने इस उपलब्धि को अस्पताल के समर्पित डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन, सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों और पूरे सहयोगी स्टाफ की टीम भावना और निष्ठा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान हम सभी के लिए गर्व की बात है। यह तभी संभव हुआ है जब पूरी टीम ने मरीजों की सेवा में समर्पण, ईमानदारी और लगन दिखाई है।”
डॉ. भागड़ा ने विशेष रूप से अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का धन्यवाद किया और उनकी सराहना करते हुए कहा कि, “आप सभी की मेहनत, अनुशासन और सेवाभाव का यह परिणाम है। हमारी प्राथमिकता हमेशा मरीजों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं देना रहा है, और आगे भी इसी संकल्प के साथ काम करते रहेंगे।”
इस पुरस्कार से अस्पताल के पूरे स्टाफ में उत्साह की लहर है और सभी ने और बेहतर सेवाएं देने का संकल्प लिया है। यह उपलब्धि न केवल पालमपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, जो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में सकारात्मक संकेत देता है।
