*नगर निगम पालमपुर को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड*


नगर निगम पालमपुर को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड
नई दिल्ली, 21 सितम्बर 2025
नगर निगम पालमपुर को लेगेसी वेस्ट (Legacy Waste) के वैज्ञानिक निपटान हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम पालमपुर के महापौर श्री गोपाल नाग और आयुक्त श्री आशीष शर्मा ने निगम की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
नगर निगम पालमपुर ने अब तक लगभग 3200 मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट का निपटारा किया है तथा 1300 मीट्रिक टन RDF (Refuse Derived Fuel) सीमेंट संयंत्रों को भेजा गया है। यह उपलब्धि पालमपुर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल नगर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
नगर निगम पालमपुर ने इस कार्य में आधुनिक तकनीक और मशीनरी का प्रयोग किया है, जिनमें ट्रॉमल मशीनें, ऑर्गेनिक वेस्ट कन्वर्टर्स तथा फाइटो-रिमेडिएशन पौधे शामिल हैं।
महापौर श्री गोपाल नाग ने कहा कि “यह सम्मान पूरे नगर की जनता और निगम कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।”
आयुक्त श्री आशीष शर्मा ने कहा कि “वैज्ञानिक और सतत अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना गर्व का विषय है।”
विधायक श्री आशीष बुटेल का विशेष योगदान
नगर निगम पालमपुर ने इस अवसर पर पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री आशीष बुटेल का विशेष आभार प्रकट किया। उनके निरंतर सहयोग, सक्रिय मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व ने इस उपलब्धि को संभव बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई है।
सामूहिक सहयोग
इस उपलब्धि में पालमपुर एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन फोरम, एनजीओ “हिल्लदारी” (Hilldari) — जिसे नेस्ले द्वारा CSR के अंतर्गत वित्त पोषित किया जा रहा है — नगर निगम पालमपुर के सभी पार्षदगण, स्वच्छता कार्यकर्ता और पालमपुर की जनता के योगदान को भी विशेष रूप से सराहा गया।
यह सम्मान नगर निगम पालमपुर की सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करता है।