*गलती किसकी—नगर निगम की या नागरिकों की? आईमा राधा कृष्ण मंदिर के पास दो दिनों से पड़ा कचरा, सवालों के घेरे में निगम*


गलती किसकी—नगर निगम की या नागरिकों की? आईमा राधा कृष्ण मंदिर के पास दो दिनों से पड़ा कचरा, सवालों के घेरे में निगम

पालमपुर।
स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाला नगर निगम पालमपुर एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के आईमा राधा कृष्ण मंदिर के समीप पिछले दो दिनों से कचरे के बैग पड़े हुए हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक इन्हें उठाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
यह स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास सामान्य तौर पर विशेष साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है। इसके बावजूद मंदिर के बिल्कुल पास कचरे का पड़ा रहना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि या तो नगर निगम यह कचरा उठाना भूल गया है या फिर जानबूझकर मंदिर के पास ही छोड़ दिया गया है। लोगों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि आस्था के स्थान के साथ इस तरह की लापरवाही क्यों की जा रही है।
लोगों का आरोप है कि नगर निगम की उदासीनता अब आम बात बनती जा रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, निगम के कर्मचारी सप्ताह में केवल दो बार ही कचरा उठाने आते हैं, जिसके कारण शहर में कई स्थानों पर गंदगी फैल रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम की ऐसी कार्यप्रणाली से लोगों में रोष बढ़ रहा है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो “स्वच्छ शहर पालमपुर” के दावे केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगे।
अब सवाल यही है कि इस लापरवाही की जिम्मेदारी आखिर किसकी है—नगर निगम की या फिर नागरिकों की? लोग नगर निगम से तुरंत कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
— ट्राई सिटी टाइम्स


