*बैजनाथ में 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य शांति यात्रा निकाली गई*


बैजनाथ में 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य शांति यात्रा निकाली गई.

ब्रह्माकुमारी पालमपुर के तत्वावधान में पवित्र नगरी बैजनाथ में 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य शांति यात्रा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ निकाली गई। “ओम शांति” के मधुर उद्घोष और शिव भजनों की गूंज के बीच नगरवासियों ने यात्रा का हृदय से स्वागत किया।
यात्रा में 12 ज्योतिर्लिंगों की सुंदर झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने मार्ग में पुष्प वर्षा कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाइयों ने शिव संदेश देते हुए बताया कि ज्योतिर्लिंग केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, शांति और आध्यात्मिक जागरण के प्रेरणा स्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मानव जीवन में बढ़ती अशांति और तनाव को समाप्त करने के लिए आध्यात्मिक चेतना और राजयोग ध्यान की अत्यंत आवश्यकता है। शांति यात्रा का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा, नैतिकता और सकारात्मक सोच का प्रसार करना है।
नगर के विभिन्न स्थानों से होकर निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। समापन अवसर पर सभी ने विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
ब्रह्माकुमारी पालमपुर की मुखिया प्रेम दीदी ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं।




