*घुग्घर की सरकारी गैस एजेंसी से उपभोक्ता परेशान, फोन नहीं उठते और बुकिंग के बाद भी दिनों तक इंतज़ार”*


“घुग्घर की सरकारी गैस एजेंसी से उपभोक्ता परेशान, फोन नहीं उठते और बुकिंग के बाद भी दिनों तक इंतज़ार”

पालमपुर (घुग्घर):
पालमपुर के घुग्घर क्षेत्र में स्थित रब राखा आलमपुर गैस एजेंसी, जो सरकारी नियंत्रण में संचालित है, इन दिनों उपभोक्ताओं की शिकायतों के कारण चर्चा में है। क्षेत्र के कई लोगों का आरोप है कि एजेंसी का स्टाफ ग्राहकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने के बजाय तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाता है, जिससे गैस बुकिंग और डिलीवरी में अनावश्यक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए एजेंसी का लैंडलाइन नंबर अधिकतर समय काम नहीं करता। कई बार लगातार फोन करने पर भी लाइन आउट ऑफ ऑर्डर बताई जाती है। दूसरी ओर यदि स्टाफ के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जाए तो फोन उठाया नहीं जाता या फिर ग्राहकों को वापस लैंडलाइन पर कॉल करने के लिए कह दिया जाता है।
हाल ही में एक उपभोक्ता ने बताया कि उसने एजेंसी में बैठी एक महिला कर्मचारी से 4-5 बार मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन उसकी बात सुने बिना उसे लैंडलाइन पर फोन करने को कहा गया, जबकि लैंडलाइन पर कई बार कॉल करने के बावजूद फोन नहीं लगा।
लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग करवाने के बाद भी 7 से 10 दिन तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती और उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जिन परिवारों के पास केवल एक ही सिलेंडर है, उनके लिए यह स्थिति और भी मुश्किल बन जाती है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सरकारी एजेंसी उपभोक्ताओं को संतोषजनक सेवा नहीं दे पा रही है तो इसकी कार्यप्रणाली में सुधार किया जाना चाहिए या फिर इसे किसी ऐसे संचालक को सौंपा जाना चाहिए जो उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा दे सके। लोगों का कहना है कि पालमपुर की कुछ निजी गैस एजेंसियां एक फोन कॉल पर ही गैस डिलीवरी सुनिश्चित कर देती हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि घुग्घर स्थित इस गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कर उचित सुधार किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को गैस जैसी आवश्यक सेवा के लिए परेशान न होना पड़े।
— ट्राई सिटी टाइम्स




