“बी.एड. के शानदार परीक्षा परिणाम से के.एल.बी. महाविद्यालय का बढ़ा मान”


“बी.एड. के शानदार परीक्षा परिणाम से के.एल.बी. महाविद्यालय का बढ़ा मान”

के.एल.बी. डी.ए.वी. कन्या महाविद्यालय, पालमपुर के बी.एड. चतुर्थ सेमेस्टर (सत्र 2024–2026) का परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट एवं गौरवपूर्ण रहा।परीक्षा में सम्मिलित सभी छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दिया। विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा कि 39 छात्राओं ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर डिस्टिंक्शन हासिल की, जबकि शेष सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। मेरिट सूची में वैशाली ने 84 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान, प्रीति गुलेरिया ने 83.71 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा सुनीति ने 83.14 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।


महाविद्यालय के निदेशक प्रोफेसर (डॉ)राजिंदर सिंह राणा ने इस शानदार उपलब्धि पर छात्राओं एवं समस्त प्राध्यापक वर्ग को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और महाविद्यालय में उपलब्ध सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से आने वाले वर्षों में भी महाविद्यालय इसी प्रकार शैक्षणिक मानदंड स्थापित करता रहेगा ।महाविद्यालय की उप प्राचार्या एवं शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. शिवानी नागपाल ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम शिक्षा विभाग द्वारा अपनाई जा रही व्यवस्थित शैक्षणिक कार्यप्रणाली और निरंतर प्रयासों का उत्साहवर्धक प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभाग द्वारा शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि, विद्यार्थियों के परिणामों को और बेहतर बनाने तथा छात्राओं के समग्र व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक दक्षताओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री बी.बी.एल. बुटेल तथा सचिव श्री राजेंद्र ठाकुर ने इस श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम को महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्राओं की प्रतिभा तथा उनके निरंतर परिश्रम का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।



