सूद सभा शिमला द्वारा 17 नवंबर 2026 को ऐतिहासिक ‘सूद मिलन’ का आयोजन; वर्ष भर चलने वाले द्विशताब्दी समारोह (Bicentennial Celebrations) का होगा शुभारंभ
“सूद बिरादरी: एकता की शक्ति, विरासत की शान”। सूद सभाओं का उद्देश्य भी बिरादरी की एकता, भाईचारा और सामूहिक विकास को मजबूत करना रहा है


सूद सभा शिमला द्वारा 17 नवंबर 2026 को ऐतिहासिक ‘सूद मिलन’ का आयोजन; वर्ष भर चलने वाले द्विशताब्दी समारोह (Bicentennial Celebrations) का होगा शुभारंभ

शिमला: सूद सभा शिमला द्वारा आगामी 17 नवंबर 2026 को नव-नामकरण किए गए ‘द रामायण ग्रैंड’ सूद सभा राम मंदिर परिसर, शिमला में एक भव्य ‘सूद मिलन’ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन शिमला शहर के निर्माण, संस्कृति और सामाजिक-आर्थिक विकास में सूद समुदाय के 200 वर्षों के गौरवशाली योगदान के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक समारोह के मुख्य आकर्षण:
द्विशताब्दी समारोह का शुभारंभ: सूद समुदाय की ऐतिहासिक विरासत को समर्पित वर्ष भर चलने वाले सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का आधिकारिक उद्घाटन।
‘सूद सभा अतिथि सदन’ (जनक ब्लॉक) का लोकार्पण: सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नव-निर्मित एवं नवीनीकृत डीलक्स कमरों का उद्घाटन, जिन्हें ‘सूद सभा अतिथि सदन’ (जनक ब्लॉक) का उपयुक्त नाम दिया गया है, तथा इसे जनसाधारण को समर्पित किया जाएगा।
डिजिटल लाइब्रेरी एवं संग्रहालय का लोकार्पण:
सूद समुदाय की समृद्ध वंशावली, ऐतिहासिक प्रवास और दुर्लभ अभिलेखीय विरासत को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने के लिए एक समर्पित डिजिटल लाइब्रेरी और संग्रहालय का शुभारंभ।
महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU): राम मंदिर परिसर के विस्तार और विकास के लिए लाला गौरी मल बुटेल ट्रस्ट के साथ एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग: आधुनिक शिमला के निर्माण में समुदाय की अग्रणी भूमिका को दर्शाने वाली पुरस्कार विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘सूद सरकार शिमला’ (Sood Sarkar Shimla) का विशेष प्रदर्शन।
पारंपरिक सामुदायिक भोज : सूद बिरादरी के सभी सदस्यों के लिए पारंपरिक सामूहिक भोज, जिसे इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप ‘चूलीनुंदन’ नाम दिया गया है।
ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि:
अग्निवंशीय परमार वंश और सोढा राजपूतों से अपनी जड़ें जोड़ने वाला सूद समुदाय सिंध और राजस्थान से सरहिंद होते हुए हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में आकर बसा। सन् 1826 के बाद गरली-प्रागपुर, देहरा और ज्वालामुखी जैसे क्षेत्रों से शिमला आकर इस समुदाय ने शहर को एक प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अतुलनीय भूमिका निभाई, साथ ही देश के स्वतंत्रता संग्राम में भी सक्रिय योगदान दिया।
समुदाय से विनम्र अपील:
सूद सभा शिमला आपके प्रतिष्ठित माध्यम से समस्त सूद समुदाय के सदस्यों से सादर एवं विनम्र अनुरोध करती है कि वे इस ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पधारें और द्विशताब्दी समारोह के इस भव्य शुभारंभ को सफल बनाएं।
सूद समाज के विषय में जानकारी
सूद समुदाय -सांस्कृतिक एवं सामाजिक विवेचन
संस्कृत के मूल शब्द सुध/सूद का अर्थ है, ‘शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने वाला योद्धा।’ पंडित संत राम शर्मा द्वारा 1903 में ‘सूद वंशावली’ संस्कृत में लिखी गई थी। संस्कृत के विद्वान प्रोफसर रूलिया राम कश्यप ने अध्ययन से उद्धरण दिया जिसमें कहा गया कि ‘सूद’ शब्द का उल्लेख वेदों में २३ बार किया गया है। ऋग्वेद में पन्द्रह बार, यजुर्वेद में छः बार, अथर्ववेद में दो बार।भविष्य पुराण के प्रतिसर्ग पर्व में सूद समुदाय के उद्गम और भारत में ऐतिहासिक उपस्थिति का उल्लेख है।सूद समुदाय अग्नि कुंड से निकले परमार वंश से संबंधित हैं। परमार का दूसरा पुत्र सूद (सोधा) था । इसी के नाम से सूद समुदाय का नाम पड़ा।
ये सिन्ध में ‘पत्तन ‘के शासक भी रहे।
इनके वंशजों ने राजस्थान, विभाजन से पूर्व पंजाब के सरहिंद , अमरकोट (पाकिस्तान )के विभिन्न हिस्सों पर शासन किया था। सुदावली में सूदों के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास का भी वर्णन है, जिसमें पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। सूद समुदाय को साऊ गद्दी या सौगद्दि के नाम से भी जाना जाता था। यह नाम उन्हें मेवाड़ के राणा हम्मीर ने दिया था, जिन्होंने उन्हें परमार वंश के वंशज के रूप में सम्मानित किया था। साऊ गद्दी शब्द का अर्थ है “सौ गद्दी वाले”, जो उनके शासन और शक्ति को दर्शाता है ।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र के खत्री जाति के एक उप-समूह भी इन्हीं में से संबंधित हैं जो व्यापार, शासन और वाणिज्य में कुशल थे ।
वास्तव में सूद समुदाय का इतिहास एक पलायन की कहानी है। सूद समुदाय का संबंध सोढा राजपूतों से है, जो परमार वंशज की एक शाखा है।सोढा राजपूतों ने सोंध क्षेत्र पर लगभग 400 वर्षों तक शासन किया, जो वर्तमान में राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में आता है।यह क्षेत्र राजस्थान के पश्चिमी भाग में है और पाकिस्तान की सीमा से लगता हुआ है। सोंध क्षेत्र अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, और यहां कई प्राचीन स्थल और मंदिर हैं।
15वीं शताब्दी में कुछ सोढा राजपूत अमरकोट (अमरकॉट) आ गये , जो वर्तमान में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में है। यहां उन्होंने हुमायूं को शरण दी थी, जब वह शेर शाह सूरी से हारकर भाग रहे थे। 16वीं शताब्दी में अकबर ने सरहिंद को अपने राज्य का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाया। इस दौरान सूद समुदाय का एक हिस्सा यहां आया और बस गया।
17वीं शताब्दी में सूद समुदाय का एक हिस्सा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, हमीरपुर, और ऊना जिलों में पलायन कर गया। यहां उन्होंने अपनी संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखा। जिसके कारण इनका स्थानीय क्षेत्र में सामाजिक ,आर्थिक और जनहित कार्यों में योगदान रहा । आचार विचार, खाना-पान,वेशभूषा स्थानीय बोली के आदान-प्रदान से साझा संस्कृति का जन्म हुआ। उन्होंने यहां कई मंदिर , धर्मशाला और कुओं का निर्माण करवाया और शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया।
जेम्स टॉड द्वारा लिखित पुस्तक है “एनल्स एंड एंटीक्यूटिज ऑफ़ राजस्थान” (Annals and Antiquities of Rajasthan)। ये पुस्तक राजस्थान के इतिहास और संस्कृति का महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है जिसे 1829 और 1832 के बीच प्रकाशित किया गया था। इस पुस्तक में भी सूद समुदाय का परमारों की शाखा होने का उल्लेख है। अन्य महत्वपूर्ण घटना है जिससे सूद वंशीयों की वीरता का पता चलता है। राजा पोरस को हराकर जब सिकंदर आगे बढ़ता हुआ व्यास नदी के तट पर पहुंचा तो राजा राय शाह ने योग्य सेनापति केदार सूद के नेतृत्व में अपनी सेना भेजी। सिकंदर अग्निवंशीय राजपूतों के शौर्य के बारे में सुन चुका था। उसकी सेना युद्ध करते हुए हताशा और अवसाद में थी इसलिए सिकंदर ने वहां से वापिस लौटने का निर्णय लिया।
सरहिंद जिसे फतेहगढ़ साहिब के नाम से भी जाना जाता है। सूद समुदाय के यहां बसने के बाद उन्हें अपने बच्चों के विवाह करने में बहुत मुश्किलें पेश आईं। इस समस्या के हल के लिए सूद समुदाय ने अपनी बिरादरी को 52 गोत्र में विभाजित किया जिससे दूसरे गोत्र में विवाह करना आसान हो गया।
गुरु गोविंद सिंह के समय में मुस्लिम सिख दंगों के कारण सरहिंद शहर में बहुत उपद्रव हुआ। गुरु गोविंद सिंह जी के शहजादों को ज़िन्दा दीवार में चिनवा दिया गया। इसका बदला लेने के लिए बन्दा बहादुर ने शहर के सभी सूदों को शहर छोड़ कर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा और शहर को तहस-नहस कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद सूद पहाड़ो की ओर कूच कर गए। इस समुदाय के लोग जो पहाड़ की ओर विस्थापित हुए पहाड़ी सूद कहलाए। जो पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर गये वे पंजाबी सूद कहलाए।
यहां विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि विश्व मानचित्र पर अंकित पर्यटन नगरी शिमला शहर को बसाने में 1832 से 1932 तक सूद समुदाय का योगदान अतुलनीय है। सांस्कृतिक आर्थिक सामाजिक भूमिका में ये समुदाय अग्रणी रहा। उस दौर में वैश्विक मंच पर शिमला सूद और सरकार एक दूसरे के पर्याय बन गये थे। सूद समुदाय का हिमाचल के सामाजिक सांस्कृतिक आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान है।
ये समुदाय दूर दराज पहाड़ों में पहुंच कर वहां के लोक समाज के साथ घुल-मिल गया।
सत्रहवीं शताब्दी में सरहिंद से पलायन हुए सूद समुदाय के कुछ सदस्य सन 1832 से जस्वां (कांगड़ा) के गरली प्रागपुर, देहरा, रक्कड़, पिरसलुही, अम्ब,अम्बोटा, ज्वालामुखी से शिमला आना आरंभ हो गये। सूद समुदाय ने शिमला बसाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी मेहनत और व्यापार कौशल से शिमला शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की।
साझेदारी के व्यापार में उनका आपसी तालमेल, ईमानदारी, बेमिसाल थी। इसी के तहत उन्होंने प्रण लिया की अपनी आर्थिक व्यवस्था के बारे में बाहर किसी से चर्चा नहीं करेंगे ताकि उनका एकाधिकार और आपूर्ति के संसाधन गोपनीय बने रहें।
जलियांवाला वाला बाग हत्याकांड ने जन-जन को प्रभावित किया। ऐसे में सूद समुदाय के संवेदनशील नौजवान स्वतंत्रता आन्दोलन में कूद पड़े। शिमला के गंज बाज़ार में विदेशी कपड़ों का बहिष्कार किया, विदेशी कपड़ों की होली जलाई।
उत्तर भारत के सांस्कृतिक एवं सामाजिक उत्थान में सूद समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके परिवारों में संयुक्त परिवार प्रणाली प्रचलित रही, जहां कई पीढ़ियों के लोग एक साथ रहते हैं थे। आरम्भिक काल से ही सूद समुदाय की महिलाएं को सामाजिक दृष्टि से बराबर का दर्जा दिया जाता रहा है। विवाह, उत्सव, अनुष्ठान सभी कार्यों में महिलाओं की राय को महत्वपूर्ण मान कर ही निर्णय लिया जाता रहा है।
सूद समुदाय के लोग पलायन कर पहाड़ों में आए ।ये समुदाय अपने साथ कई सांस्कृतिक विरासतें लेकर आए, जिनमें लोक गीत, विवाह परंपराएं, और स्थानीय बोली प्रमुख हैं। सांस्कृतिक सामाजिक शास्त्र एक व्यापक क्षेत्र है जो समाज, संस्कृति, और मानव व्यवहार के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करता है। सूद समुदाय का अध्ययन सांस्कृतिक सामाजिक शास्त्र के कई उप-विषयों में किया जा सकता है ।
राजस्थान के लोक गीतों में मांड, पंछीड़ा, और केसरिया बालम जैसे प्रसिद्ध गीत शामिल हैं, जो प्रेम, वीरता और धार्मिक भावनाओं को व्यक्त करते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में ये गीत स्थानीय धुनों के साथ मिलकर एक नए रूप में विकसित हुए।विवाह परंपराओं में गोमा, घूमर, और चरी नृत्य जैसी प्रस्तुतियाँ शामिल हैं, जो राजस्थान की राजपूताना शैली की याद दिलाती हैं। चरी नृत्य, जिसमें सिर पर मटके संतुलित कर नृत्य किया जाता है, राजस्थान के किशनगढ़ क्षेत्र से प्रेरित है ।परमार राजपूतों ने पहाड़ी क्षेत्रों में अपनी राजस्थानी बोली के साथ स्थानीय पहाड़ी बोलियों का मेल किया, जिससे एक मिश्रित भाषा विकसित हुई। उदाहरण के लिए, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहाड़ी राजस्थानी बोली का प्रभाव देखा जा सकता है ।
लोक गीत और विवाह परंपराएं:
सुहाग — हिमाचल में विवाह के दौरान सुहाग गीत गाए जाते हैं, जो राजस्थान की राजपूताना परंपराओं से प्रेरित हैं। इनमें नवविवाहित जोड़े के सुखी जीवन की कामनाएं होती हैं, ये गीत महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से गाए जाते हैं।
नृत्य –हिमाचल में लुहारी नृत्य प्रचलित है, जो राजस्थान के घूमर नृत्य से मिलता-जुलता है। इसे विवाह और त्योहारों पर किया जाता है, जिसमें महिलाएं रंगीन परिधानों में सजकर नृत्य करती हैं।
* विवाह परंपराएं:
* मेहंदी और गीत –राजस्थान की तरह हिमाचल में भी विवाह से पहले मेहंदी की रस्म होती है, जिसमें महिलाएं गीत गाती हैं। इनमें नवविवाहित जोड़े के जीवन की शुभकामनाएं और प्रेम की भावनाएं होती हैं।*प्रतीकवाद–विवाह में चूड़ा (लखौरी बांगड़ियों) पहनने की परंपरा राजस्थान से आई, जो नवविवाहिता की सौभाग्य का प्रतीक है।
• लोक गीत
• गुगा गाथा– गुगा की वीरता के गीत राजस्थान से हिमाचल के सिरमौर, ऊना, कांगड़ा हमीरपुर जैसे क्षेत्रों में प्रचलित हैं। आज भी सूद समुदाय के पूर्वज गुगा को स्थान देवता के रूप में मानते हैं।
सूद समुदाय के लोग व्यापार और वाणिज्य में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं। उनकी व्यापारिक गतिविधियों ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है और उन्हें समाज में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है।
*उत्सव और त्यौहार सूद समुदाय के लोग अपने त्योहारों और उत्सवों को बहुत उत्साह और रंगीन तरीके से मनाते हैं। उनके प्रमुख त्योहारों में से एक है बैसाखी, जो पंजाब के नव वर्ष के रूप में मनाया जाता है। इसके अलावा, दिवाली, होली, और अन्य हिंदू त्योहार भी बड़े धूमधाम से मनाए जाते हैं।
*व्यापार और अर्थव्यवस्था: सूद समुदाय ने पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापार को बढ़ावा दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों (जैसे ऊन, स्थानीय उपज और जड़ी-बूटियों) का व्यापार किया और नए बाजारों से जुड़े।
*शिक्षा और लेखन: सूद समुदाय के लोग अक्सर शिक्षित थे और उन्होंने स्थानीय प्रशासन में लेखक, खजांची, और सलाहकार की भूमिका निभाई। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार आया।
*सामाजिक संरचना: सूद समुदाय ने पहाड़ी समाज में स्थानीय जनता के साथ मिलकर सामाजिक समरसता के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाया और अपनी विशिष्ट पहचान भी बनाए रखी।
*रीति-रिवाज और खान-पान: सूद समुदाय ने पहाड़ी संस्कृति में अपने रीति-रिवाजों का योगदान दिया। पहाड़ी त्योहारों में सूद समुदाय की भागीदारी ने इन आयोजनों को और समृद्ध बनाया। खान-पान में भी बदलाव आया, मद्रा माड़ी जैसे व्यंजनों का प्रचलन बढ़ा। आज भी कांगड़ी धाम हर त्यौहार में बहुत चाव से बनाई जाती है। इसे बनाने वाले रसोईए बोटी कहलाते हैं।
आज सूद समुदाय के होनहार युवा विश्व के हर कोने में पहुंच कर अपनी प्रतिभा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता से अपने समुदाय की विरासत को समृद्ध कर रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण है कि वे अपनी संस्कृति, भाषा,गीत संगीत, लोक परम्परा से जुड़ कर तीज त्यौहार, व्रत, पूजन बड़ी श्रद्धा से करते हैं। आज भी विवाह के बाद जठेरी में जाकर मत्था टेकना नहीं भूलते। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही पारिवारिक परम्परा का पालन श्रद्धा और विश्वास से कर रहे हैं।
भारती कुठियाला
पी.सी.चैम्बर्स
जोधा निवास, शिमला।
9882206124



