*प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है:- घनश्याम शर्मा*


*प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है:- घनश्याम शर्मा*

पालमपुर 7 नवम्बर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भारतीय राज्य पेंशनर संघ के वारिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। फिरौती के लिए दिनदहाड़े, खुलेआम लोगों को गोली मारी जा रही है। घनश्याम शर्मा ने कहा कि सरकार को इस तरह के माफिया का फ़न कुचलना होगा, उसके लिए चाहे जो कार्रवाई करनी पड़े। उन्होंने कहा कि ऊना के हरोली में फिरौती न देने पर कारोबारी को गोली मारने की घटना बेहद चिंताजनक है। शर्मा ने कहा कि हिमाचल में फिरौती और गुंडा टैक्स जैसी जैसी कुरीतियों को समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि नगरोटा में ज़मीनी विवाद में एक प्राइवेट स्कूल संचालक ने अपने सगे भाई और भाभी की दिन दहाड़े गोली मार कर कर हत्या कर दी। इन घटनाओं से साफ है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शर्मा ने कहा कि सरकार का भी
दायित्व बनता है कि ऐसे अपराध प्रदेश में होने भी न पाए। माफिया का फन कुचलने के लिए सरकार जो भी कदम उठाएगी विपक्ष पूरी ज़िम्मेदारी से सरकार के साथ खड़ा है लेकिन इस तरह की घटना पर अंकुश लगना चाहिए। शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कारोबारी सरकार को टैक्स देते हैं, इसलिए सरकार की ज़िम्मेदारी है कि हर नागरिक की सुरक्षा दें और माफिया को उनकी सही जगह दिखाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडा टैक्स नहीं चलेगा। हिमाचल प्रदेश अपनी शान्तिप्रियता और क़ानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है और यही हमारे प्रदेश की पहचान रहनी चाहिए। घनश्याम ने कहा कि प्रदेश में आज जनविरोधी नीतियों के चलते भी आम जनता परेशान है। किसानों की खुशहाली के लिए शुरू की गई प्राकृतिक खेती योजना को भी वर्तमान सरकार ने बदलकर किसानों के साथ घोर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि आज वर्तमान सरकार को आत्मचिंतन कर प्रदेश के विकास , कानून व्यवस्था व प्रदेश के किसानों बागवानों के लिए उचित नीतियां बनाने पर जोर देना चाहिए।