*भाजपा सर्कल-2 खरड़ के नव-निर्वाचित मंडल प्रधान राकेश गुप्ता (बंटी) का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न:रोहित सेठी बने खरड़ भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष*


भाजपा सर्कल-2 खरड़ के नव-निर्वाचित मंडल प्रधान राकेश गुप्ता (बंटी) का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न:

रोहित सेठी बने खरड़ भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष
खरड :-बी. के. सूद चीफ एडिटर
भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में सर्कल-2 खरड़ के नव-निर्वाचित मंडल प्रधान श्री राकेश गुप्ता (बंटी) के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन शनिवार को होटल मिलार्ड, खरड़ में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्री राकेश गुप्ता (बंटी) ने विधिवत रूप से मंडल प्रधान का कार्यभार संभाला। साथ ही महाराजा अजी सर्कल मंडल की नई कार्यकारिणी टीम की भी औपचारिक घोषणा की गई। जिसमे रोहित सेठी को खरड़ भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष चुना गया।
पार्टी नेताओं ने नवनियुक्त मंडल प्रधान एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता रोहित सेठी ने कहा कि वर्ष 2027 में जनता के सहयोग से पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि वर्तमान सरकार से प्रदेश की जनता दुखी और त्रस्त है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद खरड़ में कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं और अनेक योजनाएं लंबे समय से रुकी हुई हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के लिए भाजपा निरंतर संघर्ष करेगी।
रोहित सेठी ने कहा कि खरड़ क्षेत्र में अनेक हाउसिंग सोसायटियां हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं के सुधार और लोगों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण इंतजाम अभी भी लंबित हैं। इन सभी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
गौरतलब है कि रोहित सेठी सिटी ऑफ ड्रीम रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान भी रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा निवासियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी के चलते वे क्षेत्र में एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी पहचाने जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
— ट्राई सिटी टाइम्स



