*मोबाइल फोन से दूरी और कड़ी मेहनत ने अनमोल को बनाया प्रदेश का ‘अनमोल’ रत्न*
#AVM:ए.वी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा की तीन बेटियों ने बोर्ड मेरिट में बनाई जगह


मोबाइल फोन से दूरी और कड़ी मेहनत ने अनमोल को बनाया प्रदेश का ‘अनमोल’ रत्न
ए वी एम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा की तीन बेटियों ने बोर्ड मेरिट में बनाई जगह

पालमपुर, ट्राई सिटी टाइम्स।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में एबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा अनमोल ने 700 में से 699 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं विद्यालय की दो अन्य छात्राओं अपूर्वा और सायना ने भी 690 अंक लेकर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त कर स्कूल की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए हैं। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनमोल, गांव मनियाड़ा निवासी रोहित कुमार एवं प्रियंका की पुत्री हैं। उनके पिता सरकारी विद्यालय में अध्यापक हैं जबकि माता पूर्व में शिक्षिका रह चुकी हैं और वर्तमान में गृहिणी हैं। 1 जनवरी 2011 को जन्मी अनमोल भविष्य में शिक्षिका बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं।
अनमोल की सफलता के पीछे उनकी अनुशासित दिनचर्या और मोबाइल फोन से दूरी को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग पांच घंटे नियमित और एकाग्र होकर पढ़ाई करती थीं। उनका मानना है कि यदि विद्यार्थी सोशल मीडिया और मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचें तो बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
अनमोल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के प्रिंसिपल अंकुश सूद की प्रेरणा और सकारात्मक सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालय का सहयोगपूर्ण वातावरण हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहा।
प्रदेश मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अपूर्वा, श्री अश्वनी कुमार की पुत्री हैं, जबकि सायना, श्री मुकेश धीमन की बेटी हैं। दोनों छात्राओं ने 690 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम प्रदेशभर में गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकुश सूद ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाता रहेगा।
सफलता का संदेश देते हुए अनमोल ने अन्य विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षक जब भी गलती बताएं तो उसे आलोचना न समझें, बल्कि सुधार का अवसर मानें। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
ट्राई सिटी टाइम्स विशेष
अनमोल 699/709 ist rank in himachal
सायना 690/700 10th rank in Himachal
अपूर्वा 690/700 10th rank in himachal


अंकुश सूद प्रिंसिपल AVM सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा पालमपुर

New Nanda Jewellers Palampur





