नगर निगम पालमपुर क्षेत्र में एलपीजी रिफिल बुकिंग अवधि 45 से घटाकर 25 दिन करने की मांग


नगर निगम पालमपुर क्षेत्र में एलपीजी रिफिल बुकिंग अवधि 45 से घटाकर 25 दिन करने की मांग

पालमपुर, 12 जुलाई। न्यूगल एन्क्लेव वेलफेयर एसोसिएशन, पालमपुर ने सांसद श्री राजीव भारद्वाज को एक ज्ञापन सौंपकर हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (HPSCSC) गैस एजेंसी, घुग्घर के उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी रिफिल बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मदन सूद एवं सचिव श्री मनोज कंवर ने बताया कि जब घुग्घर गैस एजेंसी की स्थापना हुई थी, उस समय यह क्षेत्र ग्रामीण था। इसलिए यहां ग्रामीण क्षेत्रों के लिए निर्धारित 45 दिन की रिफिल बुकिंग अवधि लागू की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में घुग्घर सहित पूरा क्षेत्र नगर निगम पालमपुर के अंतर्गत आता है, फिर भी HPSCSC गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को आज भी 45 दिन बाद ही रिफिल बुक करने की अनुमति दी जाती है। वहीं, इसी नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत इंडियन ऑयल की पालम गैस एजेंसी अपने उपभोक्ताओं को 25 दिन के बाद रिफिल बुकिंग की सुविधा प्रदान कर रही है। एक ही नगर निगम क्षेत्र में दो अलग-अलग नियम लागू होना उपभोक्ताओं के साथ असमानता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि HPSCSC गैस एजेंसी, घुग्घर के सेवा क्षेत्र को नगर निगम क्षेत्र के अनुरूप मान्यता देते हुए रिफिल बुकिंग अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन की जाए तथा सभी उपभोक्ताओं को नगर निगम क्षेत्र के अन्य गैस उपभोक्ताओं के समान सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ मंडलीय प्रबंधक, शिमला, विधायक पालमपुर श्री आशीष बुटेल, पूर्व मुख्यमंत्री श्री शांता कुमार, श्री त्रिलोक कपूर, श्री विनय शर्मा तथा महापौर, नगर निगम पालमपुर, श्रीमती राधा सूद को भी भेजी गई है।
न्यूगल एन्क्लेव वेलफेयर एसोसिएशन ने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की आशा व्यक्त की है।


