गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संबोधन
Minakshi Sood TCT

73वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश को संबोधित कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि 73वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश और विदेश में रहने वाले आप सभी भारत के लोगों को मेरी हार्दिक बधाई। यह हम सबको एक सूत्र में बांधने वाली भारतीयता के गौरव का उत्सव है। सन 1950 में आज ही के दिन हम सब की इस गौरवशाली पहचान को औपचारिक स्वरूप प्राप्त हुआ था।
राष्ट्रपति ने कहा कि पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर आघात हुआ है। विश्व समुदाय को अभूतपूर्व विपदा का सामना करना पड़ा है। नित नए रूपों में यह वायरस नए संकट प्रस्तुत करता रहा है। मुझे यह कहते हुए गर्व का अनुभव होता है कि हमने कोरोना के खिलाफ असाधारण दृढ़ संकल्प और कार्य क्षमता का प्रदर्शन किया। मानव समुदाय को एक-दूसरे की सहायता की इतनी जरूरत कभी नहीं पड़ी थी जितनी कि आज है।
गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होंगे, 384 लोगों को मिलेगा वीरता पुरस्कार।
टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को अब परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वे सेना की 4 राजपूताना रेजिमेंट में सुबेदार हैं। 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा नीरज चोपड़ा समेत सेना के कुल 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार का ऐलान किया गया है। इसमें 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं। इनके साथ 122 विशिष्ट सेवा मेडल भी दिए जाएंगे।
2021 के लिए जीवन रक्षा पदक सीरीज के तहत 51 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 6 लोगों को सर्वोत्तम रक्षा पदक, 16 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 29 को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। 5 लोगों को मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया जा रहा है। यह पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जो अपने प्राणों की बाजी लगाकर दूसरों की जान बचाते हैं।